विदिशा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत पीपलखेड़ा में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जनसंवाद आयोजित किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं और विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदन लिए तथा उनके निराकरण की पहल की।

शमशाबाद विधायक सूर्य प्रकाश मीणा ने बताया कि प्रशासनिक टीम गांवों में क्लस्टरवार जनसंवाद कर रही है। कार्यक्रमों में प्राप्त शेष आवेदनों पर निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई किए जाने की बात कही गई।

खास बातें

  • ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदन अधिकारियों को सौंपे
  • 15 से 30 वर्ष के युवाओं को आधार का बायोमेट्रिक अपडेट कराने की सलाह
  • स्वास्थ्य शिविर में जांच के साथ जरूरत के अनुसार निशुल्क दवाएं दी गईं

आधार और समग्र आईडी अपडेट रखने की सलाह

कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से आधार कार्ड में बायोमेट्रिक अपडेट कराने और समग्र आईडी से जुड़े कार्य पूरे करने को कहा। उन्होंने बताया कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी से बचने के लिए सभी दस्तावेजों में नाम एक समान होना चाहिए।

अभिभावकों को बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र अस्पताल में ही बनवाने की सलाह दी गई। ऐसा न होने पर जन्म के एक-दो माह के भीतर ग्राम पंचायत या नगर पालिका से प्रमाण पत्र बनवाने को कहा गया।

आयुष्मान कार्ड और फार्मर आईडी पर जोर

कलेक्टर ने 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के सभी नागरिकों और 70 वर्ष से कम आयु के पात्र लोगों से आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील की। किसानों को फार्मर आईडी तथा किसान और पशुपालकों को किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने की सलाह भी दी गई।

अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से स्कूल और आंगनबाड़ी भेजने को कहा गया। कार्यक्रम के साथ लगे स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों की जांच की गई और आवश्यकता के अनुसार निशुल्क दवाएं वितरित की गईं।

जनसंवाद में विधायक सूर्य प्रकाश मीणा, जनपद पंचायत अध्यक्ष वीर सिंह रघुवंशी, कलेक्टर अंशुल गुप्ता और पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी सहित जनप्रतिनिधि व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने अपने आवेदन सीधे अधिकारियों के सामने प्रस्तुत किए।