सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले की तीनों जनपद पंचायतों में शिविर का आयोजन आज शनिवार को किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों एवं आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना रहा। जनपद पंचायत दतिया में आयोजित शिविर का का शुभारंभ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शैलेंद्र सिंह ने किया।
इस अवसर पर एसडीएम सुश्री सोनाली राजपूत, सीईओ जनपद पंचायत दतियाश्री सूरज सिंह उपस्थित रहे। इस दौरान आमजन द्वारा आवेदन प्रस्तुत किए जिनका निकराकरण उपस्थित अधिकारियों द्वारा किया गया। जनपद पंचायत सेवढ़ा के सभागार में विकासखंड स्तरीय शिविर का जिला पंचायत सीईओ श्री शैलेन्द्र सिंह द्वारा निरीक्षण किया गया। उन्होंने शिविर में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का परीक्षण कर यथासंभव मौके पर ही निराकरण करने के निर्देश दिए।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, नल-जल योजना, भवन अनुज्ञा सहित विभिन्न योजनाओं एवं विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। जिला पंचायत सीईओ ने शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, गौशाला संचालन, विद्युत बिल की राशि जमा करने सहित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में आवश्यक तत्परता बरतने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शिविर में जनपद पंचायत के सचिव, रोजगार सहायक, उपयंत्री, एडीईओ, पीसीओ सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं हितग्राही उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया और उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही की गई। इसी क्रम में जनपद पंचायत भाण्डेर में भी विकासखंड स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। यहां भी विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं आवेदनों की सुनवाई करते हुए उनके त्वरित निराकरण की कार्यवाही की गई।
शिविर के दौरान उपस्थित हितग्राहियों एवं सदस्यों को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हुए जनसमस्याओं के समाधान एवं शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की दिशा में पहल की गई।