सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत गुरूवार को जिला अस्पताल रायसेन में आयोजित वृहद रक्तदान शिविर में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल तथा भोपाल संभागायुक्त श्री करमवीर शर्मा द्वारा स्वयं रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया गया और अधिक से अधिक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की गई।

रक्तदान के पहले स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री पटेल, सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा, मप्र शासन के गृह विभाग की सचिव और अभियान की जिला प्रभार अधिकारी श्रीमती शिल्पा गुप्ता, संभागायुक्त श्री करमवीर शर्मा और कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा दीप प्रज्जवलन कर अभियान का शुभारंभ किया गया। उन्होंने शिविर में रक्तदान कर रहे नागरिकों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर एक माह तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया है। जिसके तहत आज यहां रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है, एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचा सकता है।

इस आयोजन का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा युवाओं को नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना है। रक्तदान शिविर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, पत्रकारगण, स्वयंसेवी संगठनों, युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। इस अवसर पर श्री राकेश शर्मा, सीएमएचओ डॉ दिनेश खत्री, सिविल सर्जन श्री अनिल ओढ सहित अन्य चिकित्सक और अधिकारी भी उपस्थित रहे।