जिले में संचालित “ सेवा संकल्प अभियान ” के अंतर्गत पहले दिन स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों का आयोजन प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया गया, जिसमें नागरिकों एवं रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए रक्तदान किया।

जिले में आयोजित कुल 8 रक्तदान शिविरों में 138 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। इसमें 62 यूनिट रक्त मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक तथा 76 यूनिट रक्त जिला चिकित्सालय विदिशा के ब्लड बैंक में संग्रहित किया गया है। संग्रहित रक्त का उपयोग आवश्यकता अनुसार मरीजों के उपचार एवं आपातकालीन परिस्थितियों में किया जा सकेगा।

शिविरवार रक्त संग्रहण की स्थिति के अनुसार मेडिकल कॉलेज में 22 यूनिट, जिला चिकित्सालय विदिशा में 22 यूनिट, सिविल अस्पताल सिरोंज में 32 यूनिट, सिविल अस्पताल बासौदा में 25 यूनिट, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नटेरन में 17 यूनिट, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लटेरी में 8 यूनिट, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कुरवाई में 10 यूनिट तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ग्यारसपुर में 2 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

इस प्रकार विभिन्न स्थानों पर आयोजित शिविरों के माध्यम से कुल 138 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। रक्तदान शिविरों का उद्देश्य जिले में जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना और सेवा भावना से जोड़ना रहा।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि स्वैच्छिक रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। एक यूनिट रक्त आवश्यकता पड़ने पर मरीज के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इन शिविरों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त सहभागिता जनभागीदारी और सेवा भावना को दर्शाती है।