मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार सुशासन को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इंदौर जिले में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान- 2026 का प्रभावी आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज शुक्रवार को महू विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत राजपुरा कुटी में विशेष शिविर आयोजित किया गया। अभियान के तहत कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, विधायक सुश्री ऊषा ठाकुर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति सहित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों का संयुक्त दल दूरस्थ ग्राम राजपुरा कुटी सहित आसपास के गांवों में पहुंचा।
शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं और लंबित शिकायतों का मौके पर ही निराकरण करना था। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा एवं विधायक सुश्री ऊषा ठाकुर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव था, उनका मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य प्रकरणों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को समय-सीमा निर्धारित कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर महू एसडीएम श्री राकेश परमार, जनपद अध्यक्ष श्री सरदार सिंह मालवीय, सरपंच श्री जितेंद्र चौधरी, श्री जितेंद्र बाजडोलिया सहित अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
* शिविर में विभागीय स्टॉल लगाकर दी योजनाओं की जानकारी*
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं एवं आवेदन प्राप्त किए तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ भी प्रदान किया। ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर पात्रता के अनुसार लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
* स्वच्छता के साथ पौधरोपण का दिया संदेश*
अधिकारियों का दल हासलपुर स्थित मुक्तिधाम पहुंचा। यहां ' स्वच्छता ही सेवा ' अभियान के तहत अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रमदान कर साफ-सफाई की। इसके साथ ही ' एक पेड़ मां के नाम ' अभियान के तहत मुक्तिधाम परिसर में पौधरोपण किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
* आयुष्मान आरोग्य केन्द्र का निरीक्षण*
दल ने आयुष्मान आरोग्य केन्द्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। चिकित्सकों से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की गई। मरीजों से भी संवाद कर स्वास्थ्य केन्द्र में मिल रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली गई। इस दौरान मध्यान्ह भोजन योजना के तहत किचन शेड का उद्घाटन भी किया गया।
* उद्यमियों ने साझा की सफलता की कहानी*
शिविर के दौरान उद्यम संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। क्षेत्र के नव उद्यमियों ने अपने उत्पादों की जानकारी ग्रामीणों को दी तथा शासकीय योजनाओं के माध्यम से मिले सहयोग और लाभ के बारे में अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम में महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों से भी कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, विधायक सुश्री ऊषा ठाकुर एवं जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु प्रजापति ने संवाद किया। महिलाओं ने स्वयं सहायता समूह से जुड़ने से लेकर ' लखपति दीदी ' बनने तक के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि समूह से जुड़ने के बाद उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।
इस अवसर पर 10 महिला स्वयं सहायता समूहों को कुल 61 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके साथ ही अन्य पात्र हितग्राहियों को भी विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए गए।
* उत्पादों की गुणवत्ता सुधार के लिए मिलेगा प्रशिक्षण*
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा कि नव उद्यमियों एवं लखपति दीदियों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों के विपणन में प्रशासन द्वारा हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्पादों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए, क्योंकि अच्छी गुणवत्ता से उत्पादों के विपणन एवं विक्रय में आसानी होगी।
* दूरस्थ गांवों में शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण*
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत अधिकारियों के दल ने राजपुरा कुटी, हासलपुर, अंबाड़ा, जाफराबाद, कांकरिया, दुर्जनपुरा, रामपुरिया खुर्द, नाहरखेड़ी, गोकलिया कुंड, कालीकिराय सहित अन्य गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान शासकीय अस्पताल, उचित मूल्य दुकान, आंगनबाड़ी केन्द्र, शासकीय स्कूल सहित विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
* राजपुरा कुटी में होगा मिट्टी परीक्षण शिविर*
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने राजपुरा कुटी एवं आसपास के गांवों में मिट्टी परीक्षण के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मिट्टी परीक्षण के आधार पर किसानों को फसल एवं उर्वरक प्रबंधन के संबंध में उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराई जा सकेगी।
* गंभीर और चंबल नदियों के पुनर्जीवन का कार्य होगा*
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने ग्रामीणों को बताया कि जनापाव से निकलने वाली गंभीर एवं चंबल नदियों के पुनर्जीवन का कार्य हाथ में लिया गया है। इसके तहत व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नदियों के पुनर्जीवन से क्षेत्र में जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा इसका लाभ ग्रामीण क्षेत्रों को भी प्राप्त होगा।
* जानापाव में मुख्यमंत्री जनविश्वास वाटिका बनेगी*
भगवान श्री परशुराम जी की जन्म स्थली जानापाव में मुख्यमंत्री जन विश्वास वाटिका की स्थापना होगी। इस वाटिका के विकास का कार्य आज से प्रारंभ कर दिया गया है। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा और विधायक सुश्री उषा ठाकुर ने यहां पहुंचकर आज पौधारोपण किया।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से प्रशासन ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनने, योजनाओं का लाभ पहुंचाने, शासकीय संस्थाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लेने तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया।



