राजमाता विजयाराजे सिंधिया शासकीय कन्या(अग्रणी) स्नातकोत्तर महाविद्यालय, विदिशा में ' सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा नमो सेवा (अनकही कहानियाँ) विषय पर नुक्कड़ नाटक का सफल आयोजन किया गया।

इस दौरान महाविद्यालय की छात्राओं ने 'विकसित भारत' थीम को केंद्रित करते हुए प्रभावी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर आत्मनिर्भरता, स्वच्छता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया।इस अवसर पर शासकीय मॉडल कॉलेज, विदिशा की छात्राओं ने भी इसी थीम पर एक अन्य नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर दर्शकों को जागरूक किया।

दोनों टीमों ने अपने सशक्त अभिनय और संवादों के माध्यम से देश के विकास, नवाचार और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ बी डी अहिरवार ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी को राष्ट्रहित में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।

इस नुक्कड़ नाटक के मंचन में प्रो. नीतू दांगी, डॉ शांता अहिरवार, डॉ शिखा दुबे, डॉ एकता गुप्ता, डॉ स्वराज पाल ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर उपस्थित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ, NSS स्वयंसेविकाएँ और विद्यार्थीयों ने प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की शपथ ली।