मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न गतिविधियों एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के दौरान प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के निराकरण के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इसी क्रम में लटेरी तहसील क्षेत्र के प्राथमिक शाला आनंदपुर में स्कूली बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए गए। स्कूल बैग प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं तथा शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली।
अधिकारियों ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने माता-पिता एवं शिक्षकों का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। बच्चों को बताया गया कि शिक्षा ही उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने से उनमें पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ता है और विद्यालय से उनका जुड़ाव और मजबूत होता है।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को गांव-गांव तथा प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना है। अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का जायजा ले रहे हैं तथा स्थानीय स्तर पर आवश्यक सुविधाओं और समस्याओं के निराकरण के लिए त्वरित पहल की जा रही है।
प्राथमिक शाला आनंदपुर में स्कूल बैग वितरण की पहल इसी भावना को दर्शाती है। बच्चों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराकर उन्हें पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक नियमित अध्ययन करने और विद्यालय में बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प व्यक्त किया।




