सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘ सेवा मेरा योगदान ’ की भावना के साथ 2 अक्टूबर को पीतल मिल औद्योगिक क्षेत्र विदिशा में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र विदिशा, युवा मोर्चा, लघु उद्योग भारती एवं लघु उद्योग संघ विदिशा के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में उद्योग क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सामूहिक रूप से श्रमदान किया गया।

स्वच्छता अभियान में जिले के युवा मोर्चा अध्यक्ष जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष एवं सचिव तथा लघु उद्योग संघ विदिशा के सचिव सहित पीतल मिल औद्योगिक क्षेत्र के उद्योग प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। सभी ने मिलकर औद्योगिक क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान औद्योगिक क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही जल निकासी की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। नगर पालिका विदिशा के सहयोग से पीतल मिल औद्योगिक क्षेत्र की नालियों की सफाई का कार्य भी प्रारंभ कराया गया। नालियों की सफाई होने से जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने और क्षेत्र में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में सहभागिता कर रहे उद्योग प्रतिनिधियों ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों की स्वच्छता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें उद्योग संचालकों, श्रमिकों, स्थानीय निकाय एवं नागरिकों की सामूहिक सहभागिता आवश्यक है। सामूहिक प्रयासों से औद्योगिक क्षेत्रों को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं बेहतर बनाया जा सकता है।

सेवा संकल्प अभियान के ‘ सेवा मेरा योगदान ’ कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता सहित विभिन्न सामाजिक कार्यों में जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया जा रहा है। पीतल मिल औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित स्वच्छता अभियान में उद्योग प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर स्वच्छता के लिए अपना योगदान दिया।