मेहनत, हुनर और शासकीय योजनाओं का सहयोग मिल जाए तो आत्मनिर्भरता की राह आसान हो जाती है। अनूपपुर जिले के बिजुरी नगर की श्रीमती हेमलता पटेल की कहानी इसी सकारात्मक बदलाव की प्रेरक मिसाल है। पीएम स्वनिधि योजना से मिले आर्थिक सहयोग ने उनके ब्यूटी पार्लर के कार्य को नई दिशा दी और स्वरोजगार को परिवार की खुशहाली का आधार बनाया।
श्रीमती हेमलता को ब्यूटी पार्लर के कार्य में विशेष रुचि थी। वे अपने हुनर को आगे बढ़ाकर इसे स्वरोजगार का स्थायी माध्यम बनाना चाहती थीं, लेकिन पर्याप्त पूंजी के अभाव में व्यवसाय का विस्तार नहीं कर पा रही थीं। इसी दौरान उन्हें प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि योजना की जानकारी मिली।
नगर पालिका परिषद बिजुरी की एनयूएलएम शाखा के माध्यम से उनका आवश्यक पंजीयन एवं दस्तावेजी प्रक्रिया पूर्ण कराई गई। इसके बाद बैंक ऑफ इंडिया, शाखा बिजुरी से उन्हें चरणबद्ध रूप से ऋण सुविधा प्राप्त हुई। उन्होंने 10 हजार रुपये के प्रथम ऋण का समय पर भुगतान किया। इसके बाद 20 हजार रुपये के ऋण की किश्तों का भी नियमित भुगतान किया। आगे उन्हें 50 हजार रुपये का ऋण 36 माह की अवधि के लिए मिला।
श्रीमती हेमलता ने ऋण राशि का उपयोग अपने ब्यूटी पार्लर के कार्य को आगे बढ़ाने में किया। आज वे अपने हुनर और मेहनत के साथ आत्मनिर्भरता की ओर निरंतर आगे बढ़ रही हैं। उनके स्वरोजगार से परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिली है और जीवन में खुशियों का नया संचार हुआ है।
श्रीमती हेमलता शासन की पीएम स्वनिधि योजना को अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलाव का महत्वपूर्ण माध्यम मानते हुए आभार व्यक्त करती हैं।

